गोपालगंज जिले में पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ने के साथ ही ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह से ही घना कुहासा छाया रहने के कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे आवागमन में दिक्कतें आईं। कनकनी वाली ठंड ने जनजीवन को खासा प्रभावित किया है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और रोजाना मेहनत-मजदूरी करने वाले लोगों को झेलनी पड़ रही है। सुबह के समय बस स्टॉप और सड़कों पर छात्र-छात्राएं ठंड में ठिठुरते नजर आए। कई बच्चों ने बढ़ती ठंड को देखते हुए स्कूल बंद करने या समय में बदलाव की मांग की है।
मौसम विभाग के अनुसार बिहार के अधिकांश हिस्सों में फिलहाल यही स्थिति बनी रहने की संभावना है। सुबह और शाम के समय कुहासा छाया रहेगा, जबकि ठंडी पछुआ हवाएं चलती रहेंगी। मंगलवार को गोपालगंज समेत राज्य के 14 जिलों में न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
लगातार बढ़ रही ठंड को देखते हुए अभिभावकों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से स्कूलों के समय में बदलाव या अवकाश घोषित करने की मांग तेज कर दी है। वहीं, लोगों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने और सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
