मांझागढ़ (गोपालगंज): मांझागढ़ थाना क्षेत्र के पिपरा पुल से घर लौट रहा एक युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। घटना को चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। युवक के लापता होने से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, पिपरा गांव निवासी महताब आलम चार दिन पूर्व पिपरा पुल के पास से आवश्यक सामान खरीदकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में वह अचानक गायब हो गया। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन करने के बाद भी जब युवक का कोई पता नहीं चला, तो स्वजनों ने इसकी सूचना मांझागढ़ थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि युवक की तलाश की जा रही है और आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है। हालांकि चार दिन बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
