गोपालगंज: कुचायकोट प्रखंड के काला मटिहनिया सिपाया खास गांव में जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश बुधवार को फूट पड़ा। सड़क निर्माण की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि सिपाया ढाला से लेकर रूपछाप गांव तक सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर दिया गया है, लेकिन निर्माण एजेंसी द्वारा जानबूझकर रूपछाप से काला मटिहनिया बांध तक सड़क का निर्माण छोड़ दिया गया। इसके कारण यह मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। गंडक नदी से डंपर द्वारा बालू ढुलाई किए जाने से सड़क की हालत और बदतर हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रतिदिन दर्जनों लोग इस सड़क पर गिरकर घायल हो रहे हैं। स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं के साथ-साथ बाइक और साइकिल सवार भी हादसे का शिकार हो रहे हैं। इस समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों और प्रशासन को सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। स्थानीय विधायक से भी कई बार सड़क निर्माण की मांग की गई, परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर पहुंचे सरपंच प्रतिनिधि हरिनारायण पटेल ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और विधायक से बातचीत कर सड़क निर्माण का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन में बिदा राम, अमर राम, उपेंद्र राम, भोला राम, संदीप कुमार, ब्यास यादव, शिवजी यादव, विकास यादव, नारायण साहनी, नथनी राम, बिंदु देवी, चुनिया देवी, रीमा देवी, सीमा देवी, चिल्होरिया देवी, जानकी देवी, चिंता देवी, चंदा देवी, प्रकाश राम, सुरेश राम, नथुनी राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।
