गोपालगंज: जिला विधिक सेवा प्राधिकार गोपालगंज के तत्वावधान में बुधवार को हथुआ प्रखंड के एकड़ंगा पंचायत अंतर्गत खास खरौनी गांव में नालसा आशा (जागरूकता, समर्थ, सहायता और कार्रवाई) योजना 2025 के तहत बाल विवाह मुक्त भारत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में व्याप्त बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के लिए जनजागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता कुंदन कुमार सिंह ने उपस्थित जीविका दीदियों एवं अन्य महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बाल विवाह कानूनन अपराध है। इसे रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक जागरूक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क रहें और बाल विवाह से जुड़ी किसी भी सूचना को समय रहते प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने बताया कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तुरंत टोल फ्री नंबर 1098 और 15100 पर सूचना देना जरूरी है। इससे संबंधित विभाग समय पर हस्तक्षेप कर बाल विवाह को रोका जा सकता है। साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर आम लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों के बारे में जागरूक करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने बाल विवाह रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने इस तरह के जागरूकता अभियानों को समाज के लिए आवश्यक बताते हुए इसकी सराहना की।
