गोपालगंज जिले में सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में बंजारी स्थित बाइपास पर एमवीआई आनंद कुमार के नेतृत्व में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों से 3 लाख 55 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया, जिससे चालकों में हड़कंप मच गया।
इस विशेष ड्राइव का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और यात्रियों, खासकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा। परिवहन विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई वाहन बिना वैध कागजात, ओवरलोडिंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए सड़कों पर चल रहे हैं।
चेकिंग के दौरान जिले के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की गई। स्कूली बसों में फिटनेस, परमिट और स्पीड गवर्नर की जांच की गई, जबकि क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने वाली और टैक्स डिफॉल्टर बसों पर कार्रवाई हुई। पिकअप और मालवाहक वाहनों में ओवरलोडिंग और बिना कागजात माल ढोने पर भी सख्त कार्रवाई की गई।
एमवीआई आनंद कुमार ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और वाहन मालिक सभी जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखें।
