चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल ऑक्शन में अनकैप्ड ऑलराउंडर प्रशांत वीर पर भरोसा जताते हुए उन्हें 14 करोड़ 20 लाख रुपये की बड़ी रकम में खरीदा है। उत्तर प्रदेश के अमेठी निवासी 20 वर्षीय प्रशांत का बेस प्राइस महज 30 लाख रुपये था, लेकिन यूपी टी20 लीग और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के चलते सनराइजर्स हैदराबाद और सीएसके के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली।
प्रशांत वीर बाएं हाथ के बल्लेबाज और स्लो लेफ्ट आर्म ऑर्थोडॉक्स गेंदबाज हैं। उन्होंने यूपी टी20 लीग में नोएडा सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए अपनी पहचान बनाई। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी उन्होंने ऑलराउंड प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। सीएसके को रवींद्र जडेजा के जाने के बाद इसी तरह के ऑलराउंडर की तलाश थी।
टी20 करियर में प्रशांत ने 9 मैचों में 112 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 167 से अधिक रहा है, वहीं 12 विकेट भी झटके हैं। SMAT 2025-26 में उन्होंने 7 मैचों में 9 विकेट और 170 की स्ट्राइक रेट से 192 रन बनाए।
इसी ऑक्शन में सीएसके ने कार्तिक शर्मा को भी 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा, जबकि अकील होसेन को बेस प्राइस पर टीम में शामिल किया गया।
