भटनी नगर के रामपुर खुरहुरिया वार्ड स्थित ठाकुर जी के मंदिर में मंगलवार शाम एक युवक का शव बेल्ट के सहारे छत की कुंडी से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर तलाशी ली। मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन और बिहार के सिवान से अंबाला का रेल टिकट बरामद हुआ है। मोबाइल पर एक महिला का कॉल भी आया, जो बंगाली भाषा में बात कर रही थी, जिससे युवक के पश्चिम बंगाल का निवासी होने की संभावना जताई जा रही है।
सीओ भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि करीब 30 वर्षीय युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है।
