गोपालगंज। जिला मुख्यालय स्थित मॉडल अस्पताल परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुरक्षा गार्ड और एक युवक के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई, जिसमें युवक समेत दो सुरक्षा गार्ड घायल हो गए। तीनों घायलों का इलाज मॉडल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में कराया गया।
घायलों में सरेया वार्ड निवासी अभिनन्दन कुमार पांडेय के पुत्र मनीष कुमार, सारण जिले के इसुआपुर गांव निवासी हरे राम प्रसाद के 50 वर्षीय पुत्र विनोद कुमार तथा नगर थाना क्षेत्र के राजीव नगर निवासी स्व. देवी दयाल पांडेय के पुत्र शिव नारायण पाण्डेय शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि मॉडल अस्पताल के मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड ड्यूटी पर थे। इसी दौरान युवक मनीष कुमार भवन के अंदर प्रवेश करने की कोशिश करने लगा। सुरक्षाकर्मियों ने अस्पताल प्रशासन द्वारा जारी आदेश का हवाला देते हुए उसे अंदर जाने से रोक दिया। इस पर युवक इमरजेंसी वार्ड में जाने की जिद पर अड़ गया, जिसके बाद दोनों पक्षों में गाली-गलौच और हाथापाई हो गई। घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, सिविल सर्जन वीरेंद्र प्रसाद द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि अस्पताल परिसर में केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। अस्पताल में कार्यरत कर्मियों के लिए ड्रेस कोड और पहचान पत्र अनिवार्य किया गया है तथा बिना आई-कार्ड किसी को भी अंदर प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं।
