शहर के बंजारी रोड स्थित एक निजी बैंक के एटीएम परिसर में शुक्रवार सुबह एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से चार एटीएम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

बताया गया कि सुबह एटीएम के पास बार-बार घूम रहे दो युवकों की गतिविधियां स्थानीय लोगों को संदिग्ध लगीं। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छापेमारी करते हुए एक युवक को पकड़ लिया। हालांकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के बड़ा भारती गांव निवासी हेमंत कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से विभिन्न बैंकों के चार एटीएम कार्ड बरामद किए गए।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी एटीएम में कार्ड फंसाकर मदद के बहाने लोगों का कार्ड बदल देता था और बाद में खातों से रुपये निकाल लेता था। नगर थाना पुलिस ने दारोगा यसवंत कुमार सिंह के बयान पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।