गोपालगंज। जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के चैलवा गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब घर से गायब एक किशोरी का शव गांव के बगीचे में स्थित लीची के पेड़ से लटकता हुआ मिला। शव की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मृतका की पहचान चैलवा गांव निवासी रामाशीष साह की 16 वर्षीय बेटी ज्योति कुमारी के रूप में हुई है।
परिजनों ने आशंका जताई है कि किशोरी की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है, हालांकि पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। मृतका के भाई ने बताया कि वह मुर्गी फार्म में काम करता है और उसके पिता बाहर प्रदेश में मजदूरी करते हैं। रविवार की शाम परिवार ने फोन कर बताया कि ज्योति घर से गायब है। देर रात तक खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह तलाश के दौरान सूचना मिली कि गांव के मुन्ना राय के खेत में स्थित लीची के पेड़ से उसका शव लटका है।
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 और गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान किशोरी की जैकेट की जेब से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। मोबाइल की कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं।
गोपालपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि किशोरी ने अपने दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
