गोपालगंज। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर के अंबेडकर भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और डीसी प्रोजेक्ट की भी शुरुआत की गई।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भाग लिया। बच्चों ने नृत्य, गीत और नाटक के माध्यम से महिलाओं की भूमिका, उनके अधिकार और समाज में उनके योगदान को दर्शाते हुए आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुति से कार्यक्रम स्थल तालियों की गूंज से भर गया और लोगों ने उनका उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चला रही है और प्रशासन की प्राथमिकता है कि इन योजनाओं का लाभ समाज की हर महिला तक पहुंचे।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कर्मियों को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह से महिलाओं में काफी उत्साह देखने को मिला।

इस मौके पर कई अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना रहा।