गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र के धोबवलिया गांव में होली खेलने के दौरान कपड़ा फाड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। इस दौरान एक ही परिवार के दो महिलाओं समेत तीन लोगों को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, घायल 30 वर्षीय जितेंद्र कुमार मछली का व्यवसाय करते हैं। बुधवार को होली के दिन वह जमुनहा बाजार में मछली बेच रहे थे। इसी दौरान उनके घर से फोन आया कि कुछ लोग घर में घुसकर मारपीट कर रहे हैं। बताया जाता है कि होली खेलने के दौरान कपड़ा फाड़ने को लेकर गांव में विवाद शुरू हुआ था।
विवाद बढ़ने पर कुछ लोग जितेंद्र कुमार के घर में घुस गए और घर की महिलाओं के साथ मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने पहुंचे जितेंद्र कुमार भी हमले का शिकार हो गए। इस मारपीट में जितेंद्र कुमार, उनकी पत्नी संध्या देवी और बहन आरती कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल सभी का इलाज जारी है और गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
