गोपालगंज जिले के यादवपुर थाना क्षेत्र के खरगौली गांव में गाली-गलौज का विरोध करने पर एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
बताया जाता है कि आरोपी नशे की हालत में किसी दूसरे के दरवाजे पर खड़ा होकर गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर आरोपी ने तेज धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घायल युवक की पहचान विशंभरपुर थाना क्षेत्र के विशंभरपुर गांव निवासी संतोष यादव के रूप में हुई है। घायल संतोष यादव ने आरोप लगाया कि वह विवाद को शांत कराने गया था, लेकिन आरोपी ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मामले की सूचना मिलने के बाद विशंभरपुर थाना पुलिस जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
