गोपालगंज व्यवहार न्यायालय के मुख्य गेट पर शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई। अधिवक्ताओं ने कहा कि परिसर में बैठने की उचित व्यवस्था न होने से उनका दैनिक कार्य बाधित हो रहा है।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही गोपालगंज बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं से बात की, उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि जल्द ही इस मुद्दे का प्रभावी समाधान निकाला जाएगा।

वरीय अधिवक्ताओं ने बताया कि व्यवहार न्यायालय परिसर में स्थित मुंसिफ कोर्ट को तोड़कर नया भवन प्रस्तावित है। इसके लिए प्रशासन द्वारा बोर्ड भी लगाया गया है। ऐसे में लगभग ढाई सौ अधिवक्ताओं की बैठने की व्यवस्था प्रभावित हो गई है, क्योंकि अब परिसर में बैठकर कार्य करने के लिए उचित जगह उपलब्ध नहीं है।

अधिवक्ताओं का कहना है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए भवन निर्माण का निर्णय लेना उचित नहीं है। इसी मांग को लेकर उन्होंने विरोध दर्ज कराया और कहा कि जब तक उन्हें बैठने के लिए उपयुक्त स्थान नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।