गोपालगंज। शहर के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सभा भवन में शनिवार को अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने की। इस दौरान जिले की विधि-व्यवस्था और अपराध की स्थिति की गहन समीक्षा की गई तथा लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई।

एसपी ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (एसडीपीओ) और थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण के लिए और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।

गोष्ठी में लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, वारंट व कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने तथा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया। एसपी ने गश्ती व्यवस्था को मजबूत करने, रात्रि गश्ती बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सूचना तंत्र को मजबूत करने की बात कही, ताकि अपराध पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके। इसके साथ ही शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन, अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध और भूमि विवाद से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता व त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

गोष्ठी के अंत में एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का संदेश दिया। बैठक में जिले के सभी एसडीपीओ, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।