गोपालगंज। महम्मदपुर थाना क्षेत्र के खोरमपुर गांव के समीप एनएच-27 पर शनिवार देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने इंटरनेट मीडिया की मदद से मृतक की पहचान कर रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, डूमरिया गांव निवासी नथु बैठा शनिवार को घर से डूमरिया घाट पर लगे मेला देखने की बात कहकर निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। इसी बीच खोरमपुर गांव के समीप एनएच-27 पार करने के दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के दौरान ही उनकी मौत हो गई। पहचान न होने पर पुलिस ने मृतक की तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर साझा की, जिसके बाद स्वजनों को हादसे की जानकारी मिली। स्वजन सदर अस्पताल पहुंचे और पुलिस को मृतक की पहचान बताई।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। बुजुर्ग की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
