गोपालगंज। जिला समाहरणालय में सोमवार को जिला परिषद अध्यक्ष पद का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। इस चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल के नेता अमित राय ने भारतीय जनता पार्टी के नेता विकास सिंह की पत्नी दीपिका सिंह को बड़े अंतर से पराजित कर जिला परिषद अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया। अमित राय की जीत के बाद उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया।

गौरतलब है कि पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सुभाष सिंह के गोपालगंज विधानसभा से भाजपा के टिकट पर विधायक निर्वाचित होने के बाद अध्यक्ष पद रिक्त हो गया था। इसी रिक्त पद को भरने के लिए जिला परिषद अध्यक्ष का चुनाव कराया गया।

चुनाव में राजद के पूर्व विधायक किरण राय के पुत्र अमित राय को कुल 19 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा नेता विकास सिंह की पत्नी दीपिका सिंह को 12 मत मिले। इस तरह अमित राय ने 7 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

नवनिर्वाचित जिला परिषद अध्यक्ष अमित राय ने कहा कि जिला परिषद सदस्यों ने जाति और पार्टी लाइन से ऊपर उठकर मतदान किया है। उन्होंने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत सभी सदस्यों की साझा जीत है।