गोपालगंज। शहर में पोस्ट ऑफिस चौक से मौनिया चौक तक मुख्य सड़क पर लगने वाले भीषण जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को ट्रैफिक डीएसपी सोमेश मिश्रा के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य रोजाना लगने वाले जाम से शहरवासियों को राहत दिलाना रहा।
ट्रैफिक डीएसपी सोमेश मिश्रा ने बताया कि पोस्ट ऑफिस चौक और मौनिया चौक शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां बेतरतीब पार्किंग और नियमों के उल्लंघन के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इसी को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सड़क के दोनों किनारों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों, नो-पार्किंग जोन में खड़ी गाड़ियों और तिपहिया वाहनों में ओवरलोडिंग के मामलों पर कार्रवाई की गई। डीएसपी स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पुलिसकर्मियों को नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले सैकड़ों वाहनों का चालान काटा गया और जुर्माना वसूला गया। ट्रैफिक डीएसपी ने स्पष्ट किया कि जाम-मुक्त शहर के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
