गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के चैनपट्टी गांव के समीप मंगलवार को बाइक सवार दो उचक्कों ने आटो में बैठी महिला का पर्स झपट लिया और फरार हो गए। पर्स में सोने-चांदी के चार जेवर और पांच हजार रुपये नकद रखे थे। घटना के बाद डायल 112 और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, कुचायकोट थाना क्षेत्र के बुढ़ी दलेया गांव निवासी सुनीता देवी दिल्ली से लौटकर बंजारी मोड़ से आटो में अपने घर जा रही थीं। वह अपने बच्चे को गोद में लेकर साइड वाली सीट पर बैठी थीं और पर्स हाथ में पकड़े हुई थीं। इसी दौरान एनएच-27 पर चैनपट्टी गांव के पास बाइक सवार दो युवक आटो का पीछा करते हुए पहुंचे और झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया।

घटना के बाद पीड़िता ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को नगर थाना भेजा और मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता के अनुसार पर्स में करीब एक लाख रुपये मूल्य के जेवर और पांच हजार रुपये नकद थे। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।