गोपालगंज। जादोपुर थाना क्षेत्र के रामनगर गांव के समीप मंगलवार को ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों युवक रील बनाने के लिए दियारा गए थे और वहीं से लौटते समय यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के नया टोला हरपुर गांव निवासी अखिलेश कुमार अपने साथियों आकाश कुमार और कृष कुमार के साथ एक ही बाइक पर दियारा की तरफ गए थे। घर से फोन आने पर तीनों वापस लौट रहे थे कि रामनगर गांव के पास अवैध मिट्टी ढो रहे ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने अखिलेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और वहां कोहराम मच गया। जादोपुर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार ट्रैक्टर चालक की पहचान में जुट गई है।
