गोपालगंज। नगर परिषद गोपालगंज क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शहर के विभिन्न दलित बस्तियों सहित प्रमुख सड़कों और गलियों में पीसीसी सड़क एवं नाला निर्माण कार्य तेज कर दिया गया है। चालू वित्तीय वर्ष में करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से इन योजनाओं पर कार्य प्रारंभ किया गया है, जिससे आवागमन और जलनिकासी की समस्या से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

नगर परिषद के सभापति हरेंद्र कुमार चौधरी ने सोमवार को इन योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि हजियापुर वार्ड संख्या 10, वार्ड संख्या 19 और वार्ड संख्या 24 में सड़क व नाला निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है। इसके साथ ही अन्य वार्डों में भी चरणबद्ध तरीके से निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

सभापति ने कहा कि नगर परिषद का लक्ष्य जनवरी माह तक सभी निर्माण कार्यों को पूर्ण करना है, ताकि आम नागरिकों को जल्द से जल्द लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जनवरी से शहर की सभी गलियों में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे रात के समय लोगों की आवाजाही अधिक सुरक्षित हो सकेगी।

शिलान्यास कार्यक्रम में नगर परिषद के पार्षद राहुल बैठा, पार्षद निर्मला शर्मा, उपसभापति के प्रतिनिधि असलम हुसैन सहित अन्य पार्षद एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।