गोपालगंज।
शहर के पुरानी चौक नोनिया टोली में आपसी विवाद को लेकर उत्पन्न हुए झगड़े के बाद कुछ लोगों ने एक युवक के घर पर जमकर पथराव किया। इस दौरान घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है, जबकि पीड़ित ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, पुरानी चौक नोनिया टोली निवासी मंटू कुमार और उनके पड़ोसियों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। बुधवार को पड़ोस के कुछ लोग गाली-गलौज करते हुए मंटू कुमार के घर के पास पहुंचे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो मामला बढ़ गया और आरोपितों ने उनके घर पर पथराव शुरू कर दिया। पत्थरबाजी में घर के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा टूट गया और आसपास अफरातफरी मच गई।
घटना के बाद पथराव करते युवकों की तस्वीरें सामने आई हैं, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। हालांकि पीड़ित मंटू कुमार ने पुलिस पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई बार मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस गंभीर कार्रवाई नहीं करती, जिसके कारण पड़ोसी बार-बार झगड़ा और पथराव करते हैं।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और दोषियों को जल्द ही चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा।
