गोपालगंज।
जिले की कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने बड़े पैमाने पर स्थानांतरण और नई पदस्थापना का आदेश जारी किया है। इस प्रशासनिक फेरबदल में कुल 23 पुलिस निरीक्षक एवं अवर निरीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कई थानों के थानाध्यक्ष बदले गए हैं, जबकि महत्वपूर्ण शाखाओं में नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
एसपी विनय तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि कटेया थानाध्यक्ष रहे इंस्पेक्टर ओमप्रकाश चौहान को डीआईयू (एंटी ऑर्गनाइज्ड क्राइम) और ईओयू का प्रभारी बनाया गया है। निरीक्षक किशोरी चौधरी को लीगल सेल, डाटा सेंटर (सीसीटीएनएस), साइबर इन्वेस्टिगेशन और एलआईयू का प्रभार दिया गया है। वहीं निरीक्षक राधा मोहन पंडित को न्यायालय एवं समाहरणालय परिसर की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साइबर थाना में निरीक्षक सुजीत कुमार को अपर थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
थानाध्यक्ष स्तर पर भी बड़ा बदलाव किया गया है। थावे थाना में तैनात दारोगा अवधेश कुमार को कटेया थानाध्यक्ष बनाया गया है। महम्मदपुर थाना की दारोगा रोहिणी उपाध्याय को भोरे थानाध्यक्ष, बैकुंठपुर थाना के निरंजन कुमार को मांझागढ़ थानाध्यक्ष तथा यातायात थाना में तैनात सार्जेंट रंजीत कुमार को यातायात थानाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा दारोगा धर्मेंद्र कुमार को उचकागांव थानाध्यक्ष और दारोगा अंकित पासवान को एससी-एसटी थानाध्यक्ष के रूप में पदस्थापित किया गया है।
एसपी ने बताया कि थानों में दर्ज होने वाले मामलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पर्यवेक्षी पदाधिकारियों की संख्या भी बढ़ाई गई है और आवश्यकता पड़ने पर इसे और बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह फेरबदल बेहतर पुलिसिंग और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए किया गया है।
