गोपालगंज।

जिले में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आईसीडीएस विभाग गोपालगंज के तत्वावधान में मांझागढ़ प्रखंड के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 16, भवानीगंज पूर्वी में मेगा कैंप कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पिरामल फाउंडेशन के राज्यस्तरीय प्रतिनिधि और उनकी टीम विशेष रूप से उपस्थित रही।

कार्यक्रम के दौरान जिला प्रोग्राम पदाधिकारी रंजना कुमारी ने ग्रामीणों को फाइलेरिया बीमारी के लक्षण, इसके खतरे और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, जिससे स्थायी विकलांगता भी हो सकती है। इससे बचाव के लिए सरकार द्वारा दी जा रही दवा का समय पर सेवन बेहद जरूरी है।

सीडीपीओ संगीता कुमारी, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि वे अभियान के दौरान दी जाने वाली दवा अवश्य लें और अपने परिवार व पड़ोसियों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्यकर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। अधिकारियों ने कहा कि जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और प्रत्येक गांव तक जागरूकता पहुंचाई जाएगी।