गोपालगंज: जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब और दुबई में कार्यरत हैं। हाल के दिनों में इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव की खबरों ने प्रवासी कामगारों के परिजनों की चिंता बढ़ा दी है।
हालांकि सऊदी अरब और दुबई सीधे तौर पर युद्ध क्षेत्र में शामिल नहीं हैं, फिर भी क्षेत्रीय हालात को लेकर गांव-गांव में बेचैनी का माहौल है। परिवार के लोग दिन में कई बार फोन और व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क कर अपने स्वजन की सुरक्षा की जानकारी ले रहे हैं।
इस संबंध में जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि अब तक किसी भी प्रवासी के फंसे होने या आपात स्थिति की सूचना प्रशासन को नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने अपील की है कि लोग अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। फिलहाल सभी प्रवासी कामगारों के सुरक्षित होने की जानकारी से परिजनों को राहत मिली है, हालांकि अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर चिंता बरकरार है।
