गोपालगंज। मांझागढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे उचक्कों ने बैंक से पैसा निकालकर बाहर निकली एक महिला को चकमा देकर पचास हजार रुपये की ठगी कर ली। घटना मांझागढ़ सेंट्रल बैंक के बाहर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार महिला बैंक से पचास हजार रुपये निकालकर जैसे ही बाहर निकली, पहले से घात लगाए तीन उचक्कों ने उसे एक लाख रुपये का बंडल बताकर कागज का बंडल पकड़ा दिया और उसके बदले पचास हजार रुपये लेकर मौके से फरार हो गए।
महिला ने जब कागज का बंडल खोलकर देखा तो उसमें केवल कागज भरा हुआ था। यह देखकर वह रोने-बिलखने लगी और किसी तरह घर चली गई। बताया जाता है कि पीड़ित महिला मांझागढ़ थाना क्षेत्र के ब्लूही बाजार की रहने वाली है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बैंक परिसर के आसपास पुलिस की गश्ती होती रहती है। इसके अलावा सुरक्षा के लिए चौकीदार की भी ड्यूटी रहती है, इसके बावजूद उचक्कों ने बड़ी सफाई से घटना को अंजाम दिया और किसी को भनक तक नहीं लगी। फिलहाल घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
