गोपालगंज में मंगलवार को दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में आयोजित एक दिवसीय नियोजन सह व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला का जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि इस तरह के नियोजन मेले जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें व्यवसायिक मार्गदर्शन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ऐसे आयोजनों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और उपलब्ध अवसरों का सही उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने विभिन्न कंपनियों और संस्थानों द्वारा लगाए गए स्टालों की जानकारी ली तथा वहां मौजूद अभ्यर्थियों से संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रोजगार से जुड़ी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष हो, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को उचित अवसर मिल सके।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय, वरीय उप समाहर्ता दिलीप कुमार एवं विशेष कार्य पदाधिकारी संदीप कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं बड़ी संख्या में रोजगार की तलाश में आए युवाओं और आम नागरिकों ने मेले में भाग लेकर विभिन्न रोजगार एवं प्रशिक्षण अवसरों की जानकारी प्राप्त की |