गोपालगंज में जननायक कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर जननायक कर्पूरी ठाकुर के व्यक्तित्व और कृतित्व को नमन किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर सामाजिक न्याय के प्रबल पक्षधर थे और उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज के वंचित, पिछड़े एवं कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उनके विचार और सिद्धांत आज भी समाज को समानता, न्याय और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अन्य पदाधिकारियों ने भी उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी अधिकारियों ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों को आत्मसात करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस मौके पर अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय, भू-अर्जन पदाधिकारी अनिल कुमार, वरीय कोषागार पदाधिकारी शशिकांत आर्या, वरीय उप समाहर्ता दिलीप कुमार एवं विशेष कार्य पदाधिकारी संदीप कुमार सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान जननायक कर्पूरी ठाकुर के सामाजिक योगदान और सादगीपूर्ण जीवन पर भी प्रकाश डाला गया।
