गोपालगंज जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महम्मदपुर चौक के पास एनएच-27 के सर्विस रोड पर सोमवार की शाम दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 40 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र के प्रद्युम्न छापरा गांव निवासी राम साहेब पासवान की पत्नी सोना देवी के रूप में की गई है। बताया जाता है कि सोना देवी महम्मदपुर गांव से अपनी बेटी के लिए लड़का देखने जयराम प्रसाद के साथ गई थीं। लौटते समय महम्मदपुर चौक के पास यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला का शव क्षत-विक्षत होकर सड़क पर बिखर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को डुमरिया पुल के पास से जब्त कर लिया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं घायल बाइक चालक जयराम प्रसाद का इलाज नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

महम्मदपुर थानाध्यक्ष श्याम नारायण प्रसाद ने बताया कि मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।