गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के बंजारी ब्रह्म स्थान के समीप रविवार देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब पुलिस लिखी एक स्कॉर्पियो से पहुंचे लोगों ने वर्चस्व को लेकर पान की दुकान पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक युवक बाल-बाल बच गया। घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक दारोगा और एक पेशकार को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
जानकारी के अनुसार, कुचायकोट थाना क्षेत्र के मनियारा गांव निवासी बलिराम दुबे बंजारी ब्रह्म स्थान के पास एक दुकान पर सामान लेने पहुंचे थे। उसी दौरान वहां पहले से मौजूद पांच लोग शराब के नशे में धुत्त थे। जैसे ही बलिराम दुबे आगे बढ़े, उनमें से एक व्यक्ति ने अचानक पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली उनके पास से होकर गुजर गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए।
शोर मचाने पर स्कॉर्पियो सवार सभी लोग पुलिस स्टीकर लगी गाड़ी में सवार होकर भागने लगे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया। बाद में एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर खोखा बरामद किया।
पीड़ित की ओर से नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने पंकज कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया। साथ ही सारण जिले में तैनात दारोगा आशीष कुमार को भी हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार दारोगा पूर्व में डीआईयू टीम में रह चुके हैं और गोपालपुर थानाध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवा दे चुके हैं।
सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। साथ ही दारोगा की भूमिका की जानकारी सारण पुलिस को भी दे दी गई है। मामले की आगे की जांच जारी है।
