गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महुअवां गांव के समीप रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आवारा कुत्ते के बाइक से टकरा जाने के कारण बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए कुचायकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के चैलवा गांव निवासी मदन शर्मा के 27 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार के रूप में हुई है। जबकि हादसे में घायल दूसरे युवक की पहचान उमेश शर्मा के रूप में की गई है, जिनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, आकाश कुमार अपने पड़ोसी उमेश शर्मा के साथ बाइक से कटेया बाजार गए थे। रविवार की रात बाजार से लौटते समय महुअवां गांव के पास अचानक एक आवारा कुत्ता उनकी बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को कुचायकोट सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने आकाश कुमार को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

घायल युवक उमेश शर्मा ने बताया कि आकाश कुमार बढ़ई का काम करते थे और काम के सिलसिले में ही कटेया बाजार गए थे। वहीं गोपालपुर थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।