गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के हरखुआ गांव के समीप सोमवार को सड़क हादसे में दो मासूम बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। सड़क किनारे खेल रही बच्चियों को एक अनियंत्रित बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों बच्चियां बुरी तरह जख्मी हो गईं।
घायल बच्चियों की पहचान हरखुआ गांव निवासी राकेश साह की पांच वर्षीय पुत्री सेल्फी कुमारी और उसकी छोटी बहन सपना कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों बहनें घर के पास सड़क किनारे खेल रही थीं, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें धक्का मार दिया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों जख्मी बच्चियों को सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बाइक सवार की पहचान और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
