गोपालगंज जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के जलालपुर कला गांव में कपड़ा फेंकने के मामूली विवाद में भतीजे ने अपनी चाची पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के पति और बेटी के साथ भी मारपीट की गई। तीनों घायलों को गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सिधवलिया थाना क्षेत्र के जलालपुर कला गांव में मंगलवार को घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव निवासी राजेश कुमार महतो की 33 वर्षीय पत्नी जिंदू देवी कपड़ा धोने के बाद उसे सुखाने के लिए छत पर गई थीं। इसी दौरान वहां मौजूद उनके भतीजे ने कपड़ा उठाकर नीचे फेंक दिया।

महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी भतीजे ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक चाकू से हमला कर दिया, जिससे जिंदू देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर पति राजेश कुमार महतो और बेटी रानी कुमारी बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोप है कि भतीजे के परिवार के करीब आठ लोगों ने मिलकर दोनों के साथ भी मारपीट की।

स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को पहले सिधवलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायलों ने बताया कि आरोपी पक्ष से पहले भी विवाद हो चुका है और इस संबंध में थाना में मामला दर्ज है, जो न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस ने बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की तलाश की जा रही है।