गोपालगंज। जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरटिया गांव के समीप शनिवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में बाइक सवार एक अधेड़ की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि परिजन शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही उसे अपने साथ घर लेकर चले गए।
मिली जानकारी के अनुसार, जादोपुर थाना क्षेत्र के ओलीपुर गांव निवासी नागेंद्र भगत के 55 वर्षीय पुत्र अशर्फी भगत बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान खैरटिया गांव के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वह बाइक के नीचे दब गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर में मातम का माहौल है। जादोपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस संबंध में जादोपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि अधेड़ की मौत किन कारणों से हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजन भी किसी ठोस वजह की जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यदि परिजन आवेदन देते हैं तो मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
