गोपालगंज। थावे प्रखंड के लछवार पंचायत अंतर्गत चनावे गांव में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के लिए चयनित भूमि का रविवार को जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा और सदर विधायक सुभाष सिंह ने संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रशासन की ओर से मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए भूमि को उपयुक्त बताते हुए आगे की प्रक्रिया के लिए हरी झंडी दी गई।
जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने निरीक्षण के दौरान बताया कि चनावे गांव स्थित यह भूमि एनएच-531 के नजदीक है और जिले के मुख्य केंद्र के पास स्थित होने के कारण मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए पूरी तरह अनुकूल है। उन्होंने कहा कि स्थल से संबंधित सभी पहलुओं का जायजा लिया गया है और निर्माण के लिए कोई बड़ी बाधा नहीं है।
सदर विधायक सुभाष सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि चनावे में मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि पहले से ही प्रस्तावित है और इससे जुड़े सभी आवश्यक कागजात भारत सरकार और बिहार सरकार को भेजे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि अब केवल कृषि विभाग से अंतिम मंजूरी लिया जाना शेष है, जिसके लिए जिला प्रशासन के सभी अधिकारी प्रयासरत हैं।
विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मेडिकल कॉलेज चनावे गांव में ही बनेगा और धनखड़ क्षेत्र में किसी भी प्रकार की भूमि का चयन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर चनावे की भूमि ही पूरी तरह स्वीकृत है।
निरीक्षण के दौरान सदर एसडीओ अनिल कुमार, बीडीओ अजय प्रकाश राय, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गिरी, ओम प्रकाश राय, भरत सिंह, सतेंद्र सिंह, दीपक साह, चंदन पुरी, अमन शर्मा, विपिन सिंह, पारस मांझी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
