गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के तुरकाहां पुल के समीप रविवार की दोपहर गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से चालक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान जादोपुर थाना क्षेत्र के निरंजन गांव निवासी प्रेम सागर भगत के 35 वर्षीय पुत्र अवधेश कुमार भगत के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक अवधेश कुमार भगत अपने गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गन्ना लादकर गोपालगंज शहर स्थित हरखुआ चीनी मिल जा रहा था। रविवार की दोपहर जैसे ही वह तुरकाहां पुल के समीप पहुंचा, अचानक वाहन से उसका नियंत्रण हट गया। इससे गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और चालक उसके नीचे दब गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और स्थानीय लोगों की मदद से नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटवाया और शव को बाहर निकलवाया।
उधर, हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मॉडल सदर अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के दौरान शव को देखकर परिजन रोने-बिलखने लगे। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
