गोपालगंज। आगामी 14 जनवरी को बैकुंठपुर प्रखंड के डुमरिया घाट स्थित नारायणी नदी के तट पर आयोजित होने वाले नारायणी महोत्सव में गायक रितेश पांडेय को आमंत्रित किए जाने को लेकर हम पार्टी ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष पंकज सिंह राणा ने इस संबंध में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर कार्यक्रम पर रोक लगाने की मांग की है।

हम पार्टी के जिलाध्यक्ष ने पत्र में कहा है कि कला, संस्कृति विभाग बिहार एवं जिला प्रशासन गोपालगंज द्वारा नारायणी महोत्सव में रितेश पांडेय को मुख्य कलाकार के रूप में बुलाया जा रहा है, जो अनुचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि रितेश पांडेय हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में रोहतास जिले के करगहर विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार रहे हैं और चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा प्रधानमंत्री के कार्यों और नीतियों की खुलेआम आलोचना की थी।

पंकज सिंह राणा ने कहा कि रितेश पांडेय ने कई जिलों में जन सुराज पार्टी के प्रचार के दौरान वर्तमान सरकार को युवा विरोधी और विकास विरोधी बताया था। ऐसे में एक सक्रिय राजनीति से जुड़े व्यक्ति को सरकारी स्तर पर आयोजित महोत्सव में बुलाकर महिमा मंडन करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग और प्रशासन के इस निर्णय से जिले के एनडीए कार्यकर्ताओं और आम लोगों में भारी आक्रोश है। हम पार्टी ने मांग की है कि रितेश पांडेय और उनकी टीम का कार्यक्रम रद्द किया जाए तथा उनकी जगह किसी गैर-राजनीतिक कलाकार को नारायणी महोत्सव में आमंत्रित किया जाए।