गोपालगंज। जिले के सिधवलिया, हथुआ एवं सासामुसा क्षेत्रीय विकास परिषदों के अंतर्गत गन्ना कृषकों की सिंचाई सुविधा को मजबूत करने के लिए निजी नलकूप योजना का संचालन किया जा रहा है। यह योजना गोपालगंज जिले के गन्ना किसानों के लिए एक सुनहरा अवसर मानी जा रही है।
जिला सूचना एवं जन संपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इच्छुक गन्ना कृषक ccs.bihar.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत कम (शैलो) एवं मध्यम गहराई के न्यूनतम 15 मीटर से अधिकतम 70 मीटर तक के निजी नलकूप एवं मोटर पंप लगाने का प्रावधान है।
इस योजना के लिए वही गन्ना कृषक पात्र होंगे जिनके पास कम-से-कम 0.40 एकड़ (40 डिसमिल) भूमि उपलब्ध है। लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी। अनुदान की दर सामान्य वर्ग के लिए 50 प्रतिशत, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग के लिए 70 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लिए लागत का 80 प्रतिशत या अधिकतम अधिसीमा तक निर्धारित की गई है।
आवेदन पहले आओ पहले पाओ के आधार पर स्वीकृत किए जाएंगे। इसके साथ ही गन्ना कृषक गन्ना से संबंधित कृषि यंत्रों की खरीद के लिए भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 26 दिसंबर 2025 निर्धारित है। अधिक जानकारी के लिए ईख पदाधिकारी, गोपालगंज एवं सहायक निदेशक, ईख विकास गोपालगंज कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
