गोपालगंज। मीरगंज बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। मुख्य बाजार में सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है, जिससे बाजार की सड़कों को सुचारू किया जा सके।

अभियान के दौरान अनुमंडल दंडाधिकारी हथुआ, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हथुआ तथा थानाध्यक्ष मीरगंज पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में अतिक्रमण हटाने का कार्य किया गया।

कार्रवाई के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण के कारण बाजार में जाम और आवागमन की समस्या बनी रहती थी, जिसे खत्म करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। आगे भी आवश्यकता अनुसार यह कार्रवाई जारी रहेगी।