गोपालगंज। पटना के एक निजी गर्ल्स हॉस्टल में नीट की छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने गोपालगंज में कैंडल मार्च निकालकर आक्रोश जताया। आक्रोश मार्च मिंज स्टेडियम से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शहीद चौक पहुंचा, जहां यह एक सभा में तब्दील हो गया।
मार्च में सैकड़ों की संख्या में शामिल कार्यकर्ताओं ने हाथों में कैंडल लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा पीड़िता को न्याय दिलाने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि इस जघन्य घटना ने राज्य में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस दौरान एबीवीपी के छात्र नेता अनीश कुमार ने कहा कि पटना प्रशासन ने शुरुआत में छात्रा की मौत को नशे से जोड़ने की कोशिश की, लेकिन जांच में सच्चाई सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि मामले को दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं प्रशासनिक लापरवाही और संवेदनहीनता को दर्शाती हैं। यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में भी बहनों की सुरक्षा खतरे में रहेगी।
कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार से मांग की कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए कठोर कदम उठाए जाएं और दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जाए, ताकि समाज में एक कड़ा संदेश जा सके।
