गोपालगंज।
सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मांझागढ़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी मुन्ना कुमार ने की। बैठक में जनप्रतिनिधि, पूजा समिति के सदस्य, समाजसेवी, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
अंचलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सरस्वती पूजा आयोजन के लिए सभी पूजा समितियों को अनिवार्य रूप से लाइसेंस लेना होगा। बिना लाइसेंस किसी भी प्रकार के पंडाल निर्माण या प्रतिमा स्थापना की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाली समितियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण, डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध, निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूजा और विसर्जन, तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने कहा कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बीडीओ विनित कुमार ने सभी पूजा समितियों से आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना देने की अपील की।
बैठक में पूर्व मुखिया अवधेश प्रसाद, जयप्रकाश प्रसाद कुशवाहा, राधारमण मिश्रा, दीपक गिरी, पंचायत समिति सदस्य उपेंद्र कुमार, राजद प्रखंड अध्यक्ष अनिल यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
