गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर हाता टोला में घरेलू विवाद से परेशान एक महिला ने अपने दो मासूम बेटों को कीटनाशक दवा खिलाने के बाद खुद भी जहर खा लिया। घटना के बाद अचेत अवस्था में तीनों को स्थानीय लोगों की मदद से कुचायकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार शाहपुर हाता टोला निवासी भोला भगत की पत्नी लक्ष्मी देवी का बुधवार को घरेलू खर्च को लेकर अपने पति से विवाद हो गया। आरोप है कि पति द्वारा खर्च देने से इंकार करने पर महिला ने गुस्से में यह कदम उठा लिया और अपने चार वर्षीय पुत्र रिंकर कुमार तथा छह वर्षीय पुत्र सतीश कुमार को अनाज में डालने वाली कीटनाशक दवा खिला दी। इसके बाद उसने खुद भी दवा का सेवन कर लिया।
कुछ देर बाद बच्चों की हालत बिगड़ने लगी तो परिजन और आसपास के लोग तीनों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। सदर अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में तीनों का इलाज चल रहा है और डॉक्टरों के अनुसार मां-बेटे फिलहाल खतरे से बाहर हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
