गोपालगंज जिले के उचकागांव और नगर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित शुकुलवा और दहीभात्ता गांव के पास बारात से लौट रहे एक युवक से बदमाशों ने मारपीट कर लूटपाट की। घटना में युवक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार थावे थाना क्षेत्र के कबिलासपुर गांव निवासी इशराफील अली एक शादी समारोह में शामिल होकर मंगलवार की रात बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान शुकुलवा और दहीभात्ता गांव के पास नहर के समीप बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडे से मारपीट की। इसके बाद बदमाश उनके पास से दो मोबाइल फोन और पर्स छीनकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया।
घटना के बाद बुधवार को नगर थाना और उचकागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने पीड़ित को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है।
