गोपालगंज। जिले के थावे प्रखंड के चनावे में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल के निर्माण में हो रही देरी का मामला सोमवार को बिहार विधानसभा के वर्तमान सत्र में गूंजा। सदर विधायक सुभाष सिंह ने शून्यकाल के दौरान सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया।

विधायक ने कहा कि वर्ष 2023 में चनावे में मेडिकल कॉलेज निर्माण की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने सदन को बताया कि चयनित भूमि की जांच बिहार मेडिकल सेवाएं एवं आधारभूत संरचना लिमिटेड, पटना द्वारा की जा चुकी है और संस्था ने अपनी अनुशंसा के साथ प्रतिवेदन सरकार व जिला प्रशासन को सौंप दिया था।

इसके अलावा वर्ष 2024 में गोपालगंज के समाहर्ता द्वारा अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग, बिहार को निर्माण संबंधी प्रस्ताव भेजा गया। साथ ही कृषि विभाग से संबंधित भूमि के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने का अनुरोध भी किया गया था। विधायक ने कहा कि उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार किसी भी विभाग की ओर से असहमति नहीं जताई गई है, इसके बावजूद मामला लंबित है।

सुभाष सिंह ने सवाल उठाया कि जब पूर्व में चयनित भूमि पर कोई आपत्ति नहीं है, तो किसी अन्य भूमि की जांच कराना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पूर्व में अनुशंसित चनावे की भूमि पर ही मेडिकल कॉलेज निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए।

मामले पर सदन में चर्चा के बाद सरकार से अपेक्षा की गई कि लंबित प्रक्रिया पूरी कर जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि जिलेवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।