गोपालगंज। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध कट्टा के साथ गिरफ्तार कर लिया। एक मामले में पुलिस ने आरोपित के पास से बाइक भी जब्त की है। गिरफ्तार दोनों युवकों को पूछताछ के बाद सोमवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

जानकारी के अनुसार बरौली थानाध्यक्ष अल्का सिन्हा को सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक पर सवार होकर अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बरौली थाना क्षेत्र के प्रेम नगर आश्रम के समीप छापेमारी कर सिधवलिया थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव निवासी मेराज अली को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया तथा बाइक जब्त कर ली गई।

वहीं दूसरी कार्रवाई मांझागढ़ थाना क्षेत्र में की गई। मांझागढ़ थानाध्यक्ष निरंजन कुमार ने मुजौना गांव के समीप छापेमारी कर मिथलेश कुमार नामक युवक को अवैध कट्टा के साथ दबोच लिया। बरामद हथियार को जब्त करते हुए आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है। पुलिस हथियार सप्लायरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।