गोपालगंज। बिहार पुलिस सप्ताह कार्यक्रम के तहत सोमवार को शहर के वीएम मैदान में पुलिस टीम और आम नागरिकों के बीच फैंसी क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इस मैत्री मैच का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच आपसी तालमेल, विश्वास और संवाद को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम का उद्घाटन लाइन डीएसपी सुबोध कुमार एवं नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने फीता काटकर किया। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया गया और खेल भावना के साथ मैच की शुरुआत हुई। मैदान में मौजूद दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

मैच के दौरान पुलिसकर्मियों और स्थानीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। चौके-छक्कों की गूंज और बेहतरीन गेंदबाजी ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मैच देखने पहुंचे और पूरे आयोजन का आनंद लिया।

अधिकारियों ने बताया कि बिहार पुलिस सप्ताह के तहत ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन समाज में सकारात्मक संवाद स्थापित करने और पुलिस-जनता संबंधों को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया।