गोपालगंज। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने की। बैठक का उद्देश्य जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों की पहचान करने तथा पर्व के दौरान किसी भी अवांछित गतिविधि पर रोक लगाने की तैयारियों की समीक्षा करना रहा।
एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि होली सामाजिक और सांस्कृतिक पर्व है, जिसे आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाना चाहिए। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि हर हाल में शांति व्यवस्था बनी रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के सभी संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। जिन क्षेत्रों में पूर्व में तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई है, वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सीमावर्ती इलाकों में भी विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया गया है।
एसपी ने होली के दौरान डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों से सामाजिक तनाव की आशंका रहती है, इसलिए नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च और जन-जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता राजेश्वरी पांडेय, अपर समाहर्ता रोहित कुमार, भू-अर्जन पदाधिकारी अनिल कुमार तथा अनुमंडल पदाधिकारी गोपालगंज अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
