गोपालगंज में आयोजित पुलिस सप्ताह जागरूकता अभियान के दूसरे दिन नशा मुक्ति अभियान को लेकर विशेष पहल की गई। इस क्रम में पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने तीन नशा मुक्ति जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों और ग्रामीण इलाकों में घूम-घूमकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि नशा समाज और खासकर युवाओं के भविष्य के लिए बेहद घातक है। इससे परिवार, स्वास्थ्य और सामाजिक व्यवस्था पर बुरा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। जनसहभागिता के बिना इसे जड़ से समाप्त नहीं किया जा सकता।
जागरूकता रथों के माध्यम से लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा, साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और संबंधित कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी जाएगी। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं और संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यालय डीएसपी विजय कुमार मिश्रा, लाइन डीएसपी सुबोध कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और गोपालगंज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करें।
