गोपालगंज।
बैकुंठपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की गई एक स्कॉर्पियो वाहन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मुजफ्फरपुर जिले में छापेमारी कर की। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, बीते पांच जनवरी को बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी सखी मेला परिसर से एक स्कॉर्पियो चोरी हो गई थी। इस मामले में थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान सूचना मिली कि चोरी की गई स्कॉर्पियो मुजफ्फरपुर में रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज पेट्रोल पंप के पास छापेमारी कर वाहन बरामद कर लिया।
इस दौरान पुलिस ने मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के सोनगढ़ आनंदी छपरा निवासी मो. इब्राहिम और पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बलमी नन्हका गांव निवासी अखिलेश कुमार को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष सुभाष कुमार ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वाहन चोर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है।
