गोपालगंज।
शहर स्थित मॉडल सदर अस्पताल में मरीजों को जल्द ही रोजाना अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा मिलने लगेगी। वर्तमान में यह सुविधा केवल गर्भवती महिलाओं को भी सप्ताह में दो दिन ही उपलब्ध है, जिससे अन्य मरीजों को काफी परेशानी होती है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव से समन्वय कर पहल की है।
जिलाधिकारी की पहल पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव ने सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए योग्य चिकित्सक की जल्द तैनाती का भरोसा दिया है। चिकित्सक की नियुक्ति के बाद यह सुविधा सप्ताह के सभी दिनों में गर्भवती महिलाओं के साथ-साथ अन्य मरीजों के लिए भी उपलब्ध होगी। इससे मरीजों को निजी जांच केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और समय व धन दोनों की बचत होगी।
जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि सदर अस्पताल को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी क्रम में चरणबद्ध तरीके से नई सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि अल्ट्रासाउंड सेवा के साथ-साथ विशेषज्ञ दंत चिकित्सक की भी तैनाती की जाएगी, ताकि दांत और मुंह से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को बाहर न जाना पड़े।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान भी इस विषय पर चर्चा हुई थी। नियमित अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू होने से खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर रोगियों को बड़ी राहत मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही इसके सकारात्मक परिणाम दिखने लगेंगे।
